🕒 Museum Timings: Nov–Jan: 11:00 AM – 8:00 PM | Feb–Oct: 12:00 PM – 9:00 PM (Closed Mondays)
Aadivart Logo

Aadivart

Khajuraho Museum

निमाड़ के पारम्परिक घर

Traditional Houses of Nimar

वास्तुकला एवं लोक स्वरूप (Hindi)

निमाड़ के पारम्परिक घर सामान्यतः गाँव में मोहल्ला बनाते हुए आमने-सामने कतारबद्ध संरचना में होते हैं। ये घर प्रायः लंबे, दो मंजिला और लकड़ी के पक्के ढाँचे पर पाटवा शैली में बने होते हैं। घर की दीवारें ईंट या मिट्टी से बनी होती हैं। घर की छत दो भागों में यानी चार ढाल वाली होती हैं और कवेलुओं से सुव्यवस्थित ढँकी होती हैं। घर में दोहरे चौखटों पर वेणीदार पल्ले, मेहराबदार खिड़कियाँ एवं खंबे पर मनमोहक नक्काशी होती है। प्रायः प्रत्येक घर में छान, गलियारा, मझघर, चौका और ऊपरी मंजिल पर धाबा होता है। छान में ही खिड़कियों वाली और बैठक व्यवस्था एवं दूसरी तरफ धाबे पर चढ़ने के लिए निसरणी (सीढ़ी) बनी होती है।

छान के बाद गलियारा होता है, जिसमें एक तरफ पीने का पानी रखने के लिए आकर्षक पणिहारा होता है। फिर कुछ ऊँचा मझघर होता है, जहाँ बैठने-झूलने के झूला-झोखड़ अनिवार्यतः होते हैं। दीवार के बीचों-बीच स्थापित मझघर का द्वार आकर्षक और मजबूत बना होता है। इसके आजू-बाजू रंगीन जिरोती एवं श्वेत-श्याम नागदेवता के दिव्य माण्डने बनाये जाते हैं और पास के आले में भगवान् गणेश व बालमुकुंद को स्थापित करते हैं। इसी कक्ष में एक ओर अनाजों-दालों की कुटाई, छनाई, सफाई एवं पिसाई के लिए पारंपरिक साधन जैसे चक्की, ओखल आदि स्थापित होते हैं।

मझघर के पीछे या आरिवर में रसोई कक्ष होता है, जिसे स्थानीय भाषा में रांधणी कहते हैं। इसी में दूध-दही मथने के लिए चौका भी बना होता है। इसी चौके में वास्तु अनुसार किसी बड़े-से आले में कुल देवी-देवता का स्थान होता है। धाबे के पिछले हिस्से पर चढ़ने-उतरने का चढ़ाव भी मझघर और रसोई के बीच बना होता है, और इसी चढ़ाव के नीचे अन्न भंडारण की ओथारी बनी होती है, जिसका मुँह मझघर में खुलता है।

आकर्षक सजा-सँवारा हुआ 'तुलसी-ग्यारा' (तुलसी माता का चौरा) सामान्यतः मुख्य द्वार से सटे हुए ओटले पर बनाया जाता है। गोबर-मिट्टी और विभिन्न रंगों से लिपे-पुते निमाड़ के घर में आले-आलमारियाँ, लकड़ी की आकर्षक खूँटियाँ, पाट-पाटलियाँ, कड़े-कड़ियाँ, सींके आदि यथा-स्थान स्थापित किये जाते हैं, जो घरेलू उपयोग के सामान को सुव्यवस्थित रखने के काम आते हैं। पारंपरिक निमाड़ घर की सहजता और सरल बनावट बहुत आकर्षक होती है।

घर के पालतू पशुओं को सामान्यतः खलिहानों में बाँधा जाता है, वहीं पर खेती-किसानी का सामान भी रखा जाता है। ये खलिहान प्रायः गाँव के बाहर व काकड़ (सीमाओं) के भीतर काँटों की बाड़ से बने होते हैं।

Architectural Heritage (English)

Traditional houses of Nimar are generally built in rows facing each-other forming a community based Mohalla in the village. These long and wide houses usually have two-floors and built in the Paatwa (wooden plank) style. The walls of the house are made of brick or local clay. The roof of the house is bifurcated into two parts i.e. four slopes, which is covered with Kavelus (clay-tiles) in a systematic manner. The main door and windows have two frames engraved with flowers-creepers. Attractive carvings on the pillars can also be seen. Every Nimar house has a Chhan, Courtyard, Corridor, Living room, Kitchen and a big Hall on the first floor. There is a sitting arrangement in Chhan for visitors and a staircase is placed to go upstairs in one corner of this space.

After Chhan, there is an open corridor, in which an attractive water-pot stand is built. Then there is a Majhghar (middle room), built slightly higher, where a wooden swing is set up for sitting and sleeping, which is a common practice in Nimar. An attractive and strong double door in this living is fixed in the middle. Colourful Jiroti painting and an auspicious black colored picture of snake-deity are made around it. Lord Ganesha and Bal Mukund are placed in a niche above the divine paintings. In this room, traditional household things and tools such as stone mills, mortar etc are also placed for threshing-grinding-cleaning of food-grains and pulses.

Behind the Majhghar, one side is called Randhani i.e. the kitchen. A churner is set up in it for making butter-milk. The place of the house deities happens to be here as per Vastu-shastra in a big niche. The staircase for going into 1st floor i.e. Dhaba are also built between the Majhghar and the kitchen, and under this staircase, a storage of food-grain is fixed, whose opening mouth happens to be in the Majhghar.

The attractively decorated 'Tulsi-Gyaara' (A Stand for Tulsi Plant) is usually made on the Otala (A raised platform) adjacent to the main door. In a traditional Nimar house, plastered with cow dung mix clay and various colours, few things are common features such as attractive wooden pegs, big niches, racks, top-shelves, hooks, which are installed at right places for keeping and arranging household items. The simplicity of a traditional Nimar house attracts everyone.

The domestic animals are usually tied in the barns outside the village, which are secured with thorny fences. The farming equipments, fodder and husk are also kept there.

शिल्पकार एवं सहयोग दल • Cooperation & Participating Artists

सहयोग (Cooperation): छगनलाल कुमरावत (Chhaganlal Kumrawat)

कलाकार (Artists): प्राची, पूर्वा, लालसिंह, जगतसिंह, तीवनसिंह, रेवेन्द्रम, कृपाराम, संतोष, सुमंतरी, सावित्री, विशंभर, मदन, संदीप, अशोक, देवेन्द्र, राजेश, कमलू, पूरन, कैलाश, अरविन्द एवं ममता

Prachi, Poorva, Lalsingh, Jagatsingh, Teevansingh, Revendram, Kriparam, Santosh, Sumantri, Savitri, Vishambar, Madan, Sandeep, Ashok, Devendra, Rajesh, Kamalu, Puran, Kailash, Arvind and Mamta

Explore Other Cultural Houses • अन्य सांस्कृतिक आवास